
उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती में चयनित युवाओं के लिए धनतेरस का दिन खास रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यूपी पुलिस के 4,543 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर सीएम योगी ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनसे भर्ती प्रक्रिया को लेकर तीन सवाल भी पूछे।
मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से पूछा कि क्या नौकरी पाने के लिए किसी को सिफारिश लगवानी पड़ी? क्या किसी तरह का लेन-देन हुआ या किसी ने पैसे देने की पेशकश की? इसके अलावा उन्होंने पूछा कि क्या किसी ने धौंस दिखाकर नियुक्ति पत्र लेने की कोशिश की थी?
तीसरे सवाल पर सीएम योगी ने हल्के अंदाज में कहा कि इस बात पर तो वह खुद भी विश्वास नहीं करते। उन्होंने कहा कि आज धनतेरस के शुभ अवसर पर आप सभी को नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं। इसके लिए सभी को बहुत-बहुत बधाई।

युवाओं को नौकरी देने का सिलसिला जारी रहेगा: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को नौकरी देने का अभियान बिना रुके और बिना किसी दबाव के लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला आगे भी चलता रहेगा। कुछ नियुक्ति पत्र हम रोकेंगे, जिन्हें तीसरी बार सरकार बनने पर दिया जाएगा।
योग्यता के आधार पर मिला युवाओं को अवसर: सुरेश खन्ना
कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज जिन युवाओं को यह जिम्मेदारी मिलने जा रही है, उसका सपना बहुत से लोगों ने देखा होगा, लेकिन सभी को यह अवसर नहीं मिल पाया।
उन्होंने कहा कि इन अभ्यर्थियों को बिना किसी सिफारिश और पक्षपात के केवल अपनी योग्यता के आधार पर नौकरी मिली है। यह सभी युवाओं के लिए संदेश है कि जीवन में कठिन परिश्रम और लगन से मनचाहा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला। नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही उनके पुलिस सेवा में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया।







