
गाजियाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गाजियाबाद में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतंत्र बचाने की नहीं, बल्कि अपने परिवार को बचाने की राजनीति कर रहे हैं।
योगी ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उनकी तुलना ऐसे छात्र से की, जो बार-बार परीक्षा में फेल होने के बाद अपनी नाकामी के लिए अलग-अलग बहाने बनाता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की स्थिति भी कुछ ऐसी ही हो गई है।
चुनाव हारने पर कांग्रेस ईवीएम को ठहराती है जिम्मेदार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी उस लड़के की तरह हैं, जो चार बार परीक्षा में फेल होने के बाद कभी कॉपी बदलने, कभी सिलेबस से बाहर सवाल आने, तो कभी पेन की स्याही खत्म होने का बहाना बनाता है।
योगी ने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतने पर अपनी उपलब्धियां गिनाती है, लेकिन हारने पर ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं पर टिप्पणी करना और उनके प्रति अविश्वास जताना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बन गया है।
मुख्यमंत्री ने एक नवंबर को दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों को याद करते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पार्टी संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है।

सपा सरकार के दौर को गुंडागर्दी और दंगों से जोड़ा
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की चार बार सरकार रही, लेकिन उसकी पहचान गुंडागर्दी, अराजकता, कर्फ्यू और दंगों से बनी।
उन्होंने सपा सरकार के दौर की एक चर्चित कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय लोग कहते थे कि जिस गाड़ी पर सपा का झंडा लगा हो, उसमें कुख्यात गुंडा बैठा हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा शासन में बेटियां और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। उन्होंने कोसीकलां, मुजफ्फरनगर, मथुरा, बरेली, संभल, मुरादाबाद, बुलंदशहर, मेरठ और सहारनपुर में हुए दंगों का जिक्र करते हुए विपक्ष को घेरा।
योगी ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाने वाली सपा और राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र की बात कर रही हैं।
राम मंदिर के मुद्दे पर भी कांग्रेस-सपा को घेरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने विरोध किया था। उन्होंने दावा किया कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिलने के बावजूद दोनों दलों के नेता कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
योगी ने कहा कि 500 वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना है। भाजपा ने देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ विकास के काम भी किए हैं। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम और केंद्र सरकार की विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया।
चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार की सराहना की। उन्होंने कांग्रेस और सपा को परिवारवादी पार्टियां बताया और कहा कि इन दलों में नेतृत्व एक ही परिवार के आसपास केंद्रित रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की राजनीति को जनता के सामने रखने के लिए देशभर में पदयात्राएं कर रही है।
गाजियाबाद की पदयात्रा में कई नेता रहे मौजूद
पांच नवंबर को देशभर में 100 स्थानों पर पदयात्राएं पूरी होने का कार्यक्रम है। गाजियाबाद में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पदयात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी अनंत ओझा, क्षेत्रीय प्रभारी राम प्रताप सिंह चौहान और क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर शामिल हुए।
इसके अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महामंत्री त्रिलोक त्यागी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।









