शेख हसीना का बड़ा ऐलान, बोलीं- दिसंबर में हर हाल में बांग्लादेश लौटूंगी

ढाका: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश लौटने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वह आगामी दिसंबर में हर हाल में ढाका वापस लौटेंगी। भारत से बांग्लादेश लौटने पर उन्हें गिरफ्तारी या मौत की सजा का सामना करना पड़े, तब भी वह अपने फैसले से पीछे नहीं हटेंगी।

समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) को ईमेल के जरिए दिए इंटरव्यू में शेख हसीना ने कहा कि अगर उनकी किस्मत में मौत लिखी है, तो वह किसी दूसरे देश में रहने के बजाय अपने देश की मिट्टी और अपने लोगों के बीच रहना पसंद करेंगी। उन्होंने साफ किया कि बांग्लादेश लौटने के अपने फैसले को लेकर उनका इरादा नहीं बदला है।

देश छोड़ने के बाद मौत की सजा का खतरा

शेख हसीना बांग्लादेश की राजनीति का बड़ा चेहरा रही हैं। उन्होंने 1996 से 2001 तक और फिर 2009 से 2024 तक देश की प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान वह लगातार चार कार्यकाल तक सत्ता में रहीं।

हालांकि, अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए बड़े आंदोलन के बाद उन्हें प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद वह बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं।

अब उनके ताजा बयान के बाद बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज होने की संभावना है। शेख हसीना ने अपने इंटरव्यू में साफ कहा है कि गिरफ्तारी या मौत की सजा का खतरा भी उन्हें अपने देश लौटने से नहीं रोक पाएगा।

Back to top button