
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव शुक्रवार (6 नवंबर 2026) को सीवान कोर्ट में पेश हुए। यह मामला साल 2011 का है, जब लालू यादव विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के प्रत्याशी के प्रचार के लिए तय समय के बाद पहुंचे थे। आरोप है कि समय सीमा समाप्त होने के बावजूद उन्होंने चुनावी सभा में भाषण दिया था। इसके बाद उनके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था।

इस मामले में लालू यादव के साथ तत्कालीन आरजेडी प्रत्याशी परमेश्वर सिंह को भी आरोपी बनाया गया था। हालांकि, परमेश्वर सिंह का निधन हो चुका है। कोर्ट ने इस मामले में लालू यादव को कई बार पेश होने के लिए बुलाया था, लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण वह अदालत में उपस्थित नहीं हो सके थे। आखिरकार शुक्रवार को कोर्ट में पेश होने के बाद उन्हें जमानत दे दी गई।









