इंदौर में बहन के प्रेम विवाह से नाराज नाबालिग ने की जीजा की हत्या, चाकू से किया हमला

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बहन के प्रेम विवाह से नाराज एक 16 वर्षीय नाबालिग ने कथित तौर पर अपने ही जीजा की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना खुड़ैल थाना क्षेत्र के नीलगिरी परिसर की है। मृतक ने करीब दो साल पहले नाबालिग की बहन से प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर आरोपी उससे नाराज चल रहा था। पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर वारदात में इस्तेमाल किया गया सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर लिया है।

खुड़ैल थाना प्रभारी करणी सिंह शक्तावत के मुताबिक, मृतक की पहचान 22 वर्षीय दीपक पुत्र गोपाल के रूप में हुई है। वह देवास जिले के राणायर बरोठा का रहने वाला था। दीपक ने करीब दो साल पहले गांव की ही गायत्री से प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में इस शादी से नाराज गायत्री के परिवार वालों ने दोनों से दूरी बना ली थी। हालांकि, कुछ समय बाद परिवार के बीच फिर से बातचीत शुरू हो गई और उनका एक-दूसरे के घर आना-जाना भी होने लगा था।

सास की बाहरवीं में शामिल होने आया था दीपक

बताया जा रहा है कि बुधवार को दीपक अपनी बड़ी सास रामकन्या की बाहरवीं में शामिल होने के लिए नीलगिरी परिसर आया था। रात में घर पर भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान रात करीब दो बजे अचानक दीपक के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो दीपक जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

परिजनों के मुताबिक, दीपक पर टेंट की आड़ में चाकू से हमला किया गया था। घटना के बाद परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बातचीत को लेकर विवाद, गुस्से में जीजा पर किया हमला

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दीपक उसे बात नहीं करने पर धमका रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, गुस्से में आकर नाबालिग ने सब्जी काटने वाले चाकू से अपने जीजा पर हमला कर दिया।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button