अयोध्या गोलीकांड पर सपा सांसद सनातन पांडे का बड़ा बयान, बोले- संवैधानिक आस्था मजबूत करने के लिए चली थीं गोलियां

सपा सांसद सनातन पांडे ने अयोध्या गोलीकांड पर बयान देते हुए कहा कि संवैधानिक आस्था मजबूत करने के लिए गोलियां चली थीं। मुलायम सिंह यादव की सरकार का किया बचाव।

बलिया। अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मामला एक बार फिर उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे ने इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की सरकार ने संविधान और न्यायालय के आदेशों के पालन के लिए कार्रवाई की थी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक आस्था को मजबूत करने के लिए अयोध्या में जो गोलियां चली थीं, उसे वह स्वीकार करते हैं।

गोली चलवाने के बयान पर दी सफाई

अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले सांसद सनातन पांडे ने अपने पुराने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि हमने गोली चलवाई थी। उनका कहना था कि भारत में संविधान सर्वोपरि है और संविधान की शपथ लेकर ही सरकारें अपना काम करती हैं।

मुलायम सिंह यादव की सरकार का किया बचाव

सपा सांसद ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते उस समय अयोध्या का विवादित मामला अदालत के अधीन था। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी थी कि कोई भी गैर-संवैधानिक गतिविधि न हो और न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन न किया जाए।

उन्होंने कहा कि नेताजी की भारतीय संविधान में आस्था थी और इसी संवैधानिक आस्था को मजबूत करने के लिए वहां गोलियां चली थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि इस बयान से बीजेपी को परेशानी क्यों हो रही है?

बीजेपी और विपक्ष के बीच फिर बढ़ सकती है सियासी बहस

सनातन पांडे ने अपने बयान में बीजेपी, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संविधान को मानने वाले लोग कभी संविधान और अदालत के आदेशों की अवहेलना नहीं करते।

गौरतलब है कि अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाने की चर्चा के बीच सपा सांसद का यह बयान सामने आया है। ऐसे में अयोध्या गोलीकांड और मुलायम सिंह यादव की तत्कालीन सरकार की भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस फिर तेज होने के आसार हैं।

Back to top button