
पंजाब की राजनीति में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच एक बार फिर गठबंधन हो गया है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए दोनों पार्टियों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खुशी जाहिर की है। उन्होंने अकाली दल की एनडीए में वापसी को पंजाब के लिए अहम कदम बताया और पुराने नेताओं अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल को याद किया।
पीएम मोदी ने गठबंधन को बताया स्वाभाविक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल की एनडीए में वापसी से उन्हें काफी खुशी हुई है। उन्होंने खास तौर पर इस बात का जिक्र किया कि यह घोषणा श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर हुई है।
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन स्वाभाविक है। दोनों पार्टियों का लक्ष्य पंजाब और यहां के लोगों का कल्याण होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गठबंधन राज्य में जनहित से जुड़ी सरकार बनाने और पंजाब को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मददगार साबित होगा।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और सरदार प्रकाश सिंह बादल ने इस गठबंधन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके मुताबिक, दोनों दलों का साथ समय की कसौटी पर खरा उतरा है और आने वाले चुनाव में यह गठबंधन जनता की पहली पसंद बन सकता है।
अकाली दल के पास रहेगा मुख्यमंत्री का पद
गठबंधन के ऐलान के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे।
इस दौरान अमित शाह ने स्पष्ट किया कि अगर गठबंधन की सरकार बनती है तो मुख्यमंत्री का पद अकाली दल के पास रहेगा। उन्होंने बताया कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी।
सुखबीर बादल ने बताया भावनात्मक गठबंधन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर पंजाब को एक विकसित और मजबूत राज्य बनाने के लिए काम करेंगी।
वहीं, सुखबीर सिंह बादल ने इस समझौते को राजनीतिक गठबंधन से आगे बढ़कर भावनात्मक रिश्ता बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी और अकाली दल मिलकर पंजाब की प्रमुख समस्याओं का समाधान निकालने की कोशिश करेंगे। इसमें नशे की समस्या भी शामिल है।
छह साल बाद फिर साथ आए दोनों दल
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का रिश्ता काफी पुराना रहा है। हालांकि, कृषि कानूनों को लेकर मतभेद के बाद अकाली दल ने साल 2020 में एनडीए से नाता तोड़ लिया था। अब करीब छह साल बाद दोनों पार्टियां फिर एक साथ आ गई हैं।
इस गठबंधन को पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि दोनों दलों की यह नई साझेदारी चुनाव में कितना असर दिखा पाती है।








