
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने बचपन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी के बाद जब उनकी दादी इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थीं, तब स्कूल में उन्हें एक लड़के ने परेशान किया था। उस लड़के ने उनके चाचा को लेकर ऐसी टिप्पणी की कि प्रियंका अपना गुस्सा काबू नहीं कर पाईं और उसे थप्पड़ मार दिया। प्रियंका ने यह घटना अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के साथ बातचीत के दौरान बताई।
चाचा को चोर कहने पर आया था गुस्सा
सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging’ को लेकर इन दिनों गांधी परिवार की काफी चर्चा हो रही है। इसी सिलसिले में सोनिया गांधी ने अपने बच्चों प्रियंका और राहुल के साथ बैठकर पुराने दिनों की यादें साझा कीं।
बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने बताया कि इमरजेंसी के बाद जब इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थीं, तब परिवार को अपना घर बदलना पड़ा था। इस राजनीतिक घटनाक्रम का असर उनके बचपन पर भी पड़ा।
प्रियंका ने बताया कि स्कूल में एक लड़के ने उनसे कहा था, ‘तुम्हारा चाचा चोर है।’ इस बात से उन्हें इतना गुस्सा आया कि उन्होंने उस लड़के को थप्पड़ मार दिया।
इंदिरा गांधी की हार के बाद बदला था माहौल
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में प्रियंका और राहुल गांधी साल 1977 के उन दिनों को याद करते नजर आ रहे हैं, जब इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थीं। प्रियंका ने बताया कि उस समय परिवार के भीतर काफी तनाव का माहौल था और उन्हें दूसरे घर में शिफ्ट होना पड़ा था।
दोनों भाई-बहन ने स्कूल के शुरुआती दिनों और उस दौर में सामने आई चुनौतियों को भी याद किया।
2004 के चुनाव नतीजों से कुछ लोगों को मिली थी राहत
बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने साल 2004 के लोकसभा चुनाव के नतीजों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन नतीजों से परिवार के कुछ लोगों को राहत मिली थी, जबकि कुछ लोगों ने खुशी महसूस की थी।
राहुल ने अपने पिता राजीव गांधी की सुरक्षा वापस लिए जाने के पीछे के मकसद पर भी बात की। उन्होंने यह भी बताया कि 500 से अधिक पन्नों की किताब होने के बावजूद उनकी मां ने कई बातें इसमें शामिल नहीं की हैं।
मां की किताब ने फिर ताजा कर दीं पुरानी यादें
राहुल गांधी ने कहा कि मां के साथ बैठकर पुराने दिनों के बारे में बातचीत करना उनके और प्रियंका के लिए खास अनुभव रहा। उन यादों को दोबारा याद करने से परिवार के पुराने सुखद पल, हंसी और मुश्किल दौर से जुड़ा दर्द फिर से सामने आ गया।
उन्होंने कहा कि उनकी मां का ‘Belonging’ तक पहुंचने का सफर प्यार और कई बड़ी त्रासदियों से भरा रहा है। सोनिया गांधी ने इन सभी परिस्थितियों का सामना साहस और गरिमा के साथ किया है।








