
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सड़क की खोदाई करते समय जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पाइपलाइन से तेज रफ्तार में गैस का रिसाव होने लगा और कुछ ही देर में आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और चार लोगों के घायल होने की सूचना है।
खोदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन
यह घटना सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही इलाके की है। बताया जा रहा है कि नाला निर्माण के लिए मशीन से सड़क की खोदाई की जा रही थी। इसी दौरान मशीन की चपेट में आकर जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन टूटते ही पीएनजी गैस तेजी से बाहर निकलने लगी।
गैस रिसाव के बाद लगी आग
गैस रिसाव के कुछ ही देर बाद आग भड़क उठी। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन टीम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन विभाग की टीम को भी बुलाया गया। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है। प्रशासन और संबंधित टीमें स्थिति पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।









