
देहरादून : उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट समेत कुल छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा), पुलिस, जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें सक्रिय हो गईं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर की लोकेशन जोशीमठ के छई गांव के ऊपर सेना कैंप के पास मिली है। हादसे के बाद पायलट से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। हेलीकॉप्टर की सही स्थिति और उसमें सवार लोगों की जानकारी जुटाने के लिए ड्रोन की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

खराब मौसम के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन
खराब मौसम के कारण बचाव अभियान में चुनौतियां आ रही हैं। जोशीमठ चौकी के उपनिरीक्षक मनोहर कन्याल के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट सवार थे। हालांकि, शुरुआती सूचना के बाद भी हादसे की पूरी स्थिति और हेलीकॉप्टर के क्रैश या क्रैश लैंडिंग को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
सीएम धामी ने जताई चिंता, बचाव अभियान तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के जरिए हादसे की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास हेलीकॉप्टर हादसे की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं।
सीएम धामी ने पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने और गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए तत्काल हायर सेंटर एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना भी की है।








