
नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एवरेस्ट बेस कैंप पर लैंडिंग की कोशिश के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक नेपाली नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गया।
नेपाल पुलिस के अधिकारी मौसम तमांग के मुताबिक, हादसा सोलुखुम्बु जिले में हुआ। यहां फिश टेल एयर और डायनेस्टी एयर कंपनियों के दो हेलीकॉप्टर बर्फ से ढके इलाके में उतरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच टक्कर हो गई।
सोलुखुम्बु जिला पुलिस के प्रभारी नवीन राजा बुधाथोकी ने बताया कि एक विदेशी नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।

पर्वतीय इलाकों में हेलीकॉप्टरों का होता है बड़े पैमाने पर इस्तेमाल
नेपाल में पर्यटकों और पर्वतारोहियों को लाने-ले जाने के साथ जरूरी सामान पहुंचाने के लिए छोटे हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जाता है। आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए भी इनकी मदद ली जाती है।
हालांकि, नेपाल के दुर्गम पहाड़ी इलाके और अचानक बदलने वाला मौसम हवाई सफर को काफी चुनौतीपूर्ण बना देते हैं। नेपाल दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों में से आठ का घर है। इनमें दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट भी शामिल है। यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्वतारोही और ट्रेकिंग के शौकीन पर्यटक यहां पहुंचते हैं।








