“गौतमबुद्ध नगर में इलेक्ट्रिक बसों के फ्लैग ऑफ और नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि हजारों वर्षों तक उपेक्षित रही अयोध्या आज महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और आधुनिक सुविधाओं से जुड़ चुकी है।“
लखनऊ/नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के लिए इलेक्ट्रिक बसों के फ्लैग ऑफ एवं नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के समय पुष्पक विमान से अयोध्या आगमन का वर्णन मिलता है, लेकिन उसके बाद हजारों वर्षों तक अयोध्यावासियों को हवाई सेवा का लाभ नहीं मिल सका।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या लंबे समय तक उपेक्षा और उपहास का शिकार रही। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी अयोध्या को वह सम्मान नहीं मिला जिसकी वह अधिकारी थी। उन्होंने कहा कि आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और अयोध्या देश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रही है।

सीएम योगी ने कहा, “कभी भगवान श्रीराम पुष्पक विमान से अयोध्या आए होंगे, लेकिन उसके बाद अयोध्या वासियों को वायुसेवा प्राप्त नहीं हो पाई। हजारों वर्षों तक अयोध्या उपेक्षित रही और आजादी के बाद भी लगातार अपमानित होती रही। आज अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर समर्पित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहा है, जो नए भारत की बदलती तस्वीर का प्रतीक है।”

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक नगरीयों के विकास के साथ-साथ आधुनिक परिवहन व्यवस्था को भी मजबूत कर रही है। इलेक्ट्रिक बसों का संचालन और आधुनिक डिपो की स्थापना पर्यावरण संरक्षण तथा बेहतर सार्वजनिक परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और पर्यटन को नई गति मिली है। अयोध्या, काशी, प्रयागराज और मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









