
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क
नयी दिल्ली केंद्र सरकार के 11 साल के कार्यकाल को लेकर जन-जन तक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत लोगों को केंद्र सरकार के कार्यकाल में हासिल की गई उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। लेकिन, कांग्रेस सांसद ने भाजपा की ओर से शुरू होने वाले इस अभियान पर तंज कसा है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि पहले केंद्र सरकार ने 11 वर्ष में क्या उपलब्धियां हासिल की, यह तो बताए। रविवार को समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को 11 साल पूरे होने पर भाजपा नेता गांव-गांव जाकर अपनी उपलब्धियां गिनाएंगे। लेकिन, सवाल यह है कि क्या किसानों को एमएसपी दी गई। फसलों के दाम दोगुना दिए गए। आज किसान बदहाल स्थिति में है। किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो रहा है। केंद्र सरकार सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करती है कि उन्होंने किसानों के लिए बहुत अच्छा कार्य किया। जबकि, हकीकत यह है कि आज किसान अपने फसलों को सड़कों पर फेंकने के लिए मजबूर है।उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी चरम पर है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। केंद्र सरकार ने तो युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। सरकार बताए कि कितने युवाओं को रोजगार मिला है। आज बेरोजगारी दर सबसे अधिक है, क्या सरकार की यह उपलब्धि है। कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि सरकार ने अपनी योजना के तहत घर-घर मुफ्त में सिलेंडर बांटे। लेकिन, आज सिलेंडर इतना महंगा हो गया है कि लोगों के पास सिलेंडर रिफिल कराने के पैसे नहीं हैं। क्या सरकार की यह उपलब्धि है। सीडीएस जनरल अनिल चौहान के एक बयान को आधार बनाकर कांग्रेस केंद्र सरकार पर हावी है। जब इसे लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि सही सवाल सरकार से पूछा जा रहा है। जो जानकारी हमें देश में मिलनी चाहिए थी, वह हमें विदेश से मिल रही है। इससे ज्यादा दुख की क्या बात होगी।








