रामनवमी पर ‘राम कथासार’ पुस्तक का भव्य विमोचन, श्रीराम के आदर्शों पर हुई सारगर्भित चर्चा


राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  लखनऊ : रामनवमी के पावन अवसर पर प्रेम मेहरोत्रा द्वारा लिखित पुस्तक ‘राम कथासार’ का विमोचन एक गरिमामयी समारोह में किया गया। यह आयोजन होटल बेबियन इन में सम्पन्न हुआ, जहां उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान की प्रधान संपादक डॉ. अमिता दुबे और बेबियन इन के चेयरमैन कमलकांत मेहरोत्रा ने संयुक्त रूप से पुस्तक का लोकार्पण किया।

पुस्तक पर चर्चा करते हुए डॉ. अमिता दुबे ने कहा कि यह ग्रंथ श्रीराम की कृपा और मां सीता के आशीर्वाद का सुफल है। भारतीय संस्कृति को गहराई से समझने के लिए राम के जीवन और चरित्र का अध्ययन अत्यंत आवश्यक है।

केजीएमसी के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. गिरीश ने लंका दहन प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जब दायित्व स्वीकार कर कर्म किया जाता है, तो ईश्वर सदैव साथ रहता है। श्रीराम ने माता-पिता के आदेश को सर्वोपरि मानकर स्वयं को मर्यादा पुरुषोत्तम सिद्ध किया।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए दयानंद लालजी ने कहा कि राम का आदर्श जीवन मूल्यों का भंडार है, जो व्यक्तित्व को नवीन दिशा देता है।

इस अवसर पर शशांक सागर द्वारा प्रस्तुत मधुर राम भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में लेखक प्रेम मेहरोत्रा ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button