सहारनपुर में JE रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

एंटी करप्शन टीम की ट्रैप कार्रवाई, मेडिकल स्टोर के बाहर पकड़ा गया आरोपी

सहारनपुर में एंटी करप्शन टीम ने सहारनपुर विकास प्राधिकरण के जेई को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ट्रैप ऑपरेशन के तहत की गई कार्रवाई।

सहारनपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने सहारनपुर विकास प्राधिकरण (SDA) के अवर अभियंता आशीष सक्सेना को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से प्राधिकरण कार्यालय में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी कि उसका कार्य कराने के एवज में अवर अभियंता आशीष सक्सेना 20 हजार रुपये की मांग कर रहा है। आरोप था कि बिना रिश्वत दिए उसका काम आगे नहीं बढ़ाया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले का सत्यापन कराया और ट्रैप की योजना बनाई।

मंगलवार को आरोपी जेई ने शिकायतकर्ता को सहारनपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय के बाहर एक मेडिकल स्टोर पर रुपये लेकर बुलाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम 20 हजार रुपये उसे सौंपी, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने तुरंत उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सरकारी अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबर फैलते ही प्राधिकरण कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया।

इसके बाद टीम आरोपी को लेकर सदर बाजार थाना पहुंची, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button