
आजकल हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन की समस्या तेजी से बढ़ रही है। अब सिर्फ बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि कम उम्र के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। ब्लड प्रेशर को सामान्य रखने के लिए ज्यादातर लोगों को दवाओं का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या खानपान और जीवनशैली में बदलाव करके बिना दवा के भी हाई बीपी को नियंत्रित किया जा सकता है?
कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. सुधांशु शेखर परिदा के मुताबिक, कुछ लोगों में सही जीवनशैली अपनाकर ब्लड प्रेशर को बिना दवाओं के भी काफी हद तक सामान्य रखा जा सकता है। हालांकि, यह इस बात पर निर्भर करता है कि बीपी कितना बढ़ा हुआ है, समस्या कितने समय से है और व्यक्ति को पहले से कोई दूसरी बीमारी तो नहीं है।
इन 5 तरीकों से कंट्रोल करें ब्लड प्रेशर
1. नमक का सेवन कम करें
हाई बीपी के मरीजों को खाने में नमक की मात्रा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। रोजाना कुल नमक का सेवन 5 ग्राम से कम रखना बेहतर माना जाता है। इसके अलावा अचार, पापड़, चिप्स और पैकेट वाले खाद्य पदार्थों का सेवन भी सीमित करना चाहिए।
2. रोजाना करें एक्सरसाइज
शारीरिक रूप से सक्रिय रहना ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मददगार है। इसके लिए रोजाना 30 से 45 मिनट तक तेज चलना, साइकिल चलाना या दूसरी हल्की-फुल्की एक्सरसाइज की जा सकती है।
3. बढ़ते वजन पर रखें नियंत्रण
मोटापा और जरूरत से ज्यादा वजन हाई बीपी का खतरा बढ़ा सकते हैं। ऐसे में संतुलित खानपान और नियमित व्यायाम के जरिए वजन को नियंत्रित रखना जरूरी है। वजन कम होने से ब्लड प्रेशर में भी सुधार देखने को मिल सकता है।
4. डाइट में शामिल करें हेल्दी फूड्स
खाने में हरी सब्जियां, ताजे फल, साबुत अनाज और कम फैट वाले खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दें। संतुलित आहार शरीर को जरूरी पोषक तत्व देने के साथ ब्लड प्रेशर को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकता है।
5. तनाव कम करें और पूरी नींद लें
लगातार तनाव और नींद की कमी भी ब्लड प्रेशर पर असर डाल सकती है। इसलिए पर्याप्त नींद लें और योग, मेडिटेशन जैसी गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। इसके अलावा धूम्रपान और शराब से दूरी बनाए रखना भी जरूरी है।
क्या हर मरीज बिना दवा के ठीक हो सकता है?
डॉक्टरों के मुताबिक, यह मानना सही नहीं है कि हर व्यक्ति का हाई बीपी सिर्फ लाइफस्टाइल में बदलाव से नियंत्रित हो जाएगा। जिन लोगों का ब्लड प्रेशर लगातार ज्यादा रहता है या जिन्हें डायबिटीज, किडनी अथवा हृदय संबंधी बीमारी है, उन्हें दवाओं की जरूरत पड़ सकती है।
सबसे जरूरी बात यह है कि ब्लड प्रेशर की दवाएं डॉक्टर की सलाह के बिना बंद न करें। नियमित जांच और चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है। सही खानपान, व्यायाम और जरूरत के अनुसार दवाओं का इस्तेमाल लंबे समय तक दिल, दिमाग और किडनी को हाई बीपी से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करता है।
हाई ब्लड प्रेशर को अक्सर साइलेंट किलर कहा जाता है, क्योंकि कई बार इसके स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। इसलिए इसे नजरअंदाज करने के बजाय समय-समय पर बीपी की जांच कराते रहना चाहिए।









