पंजाब के पटियाला में रेल पटरी उड़ाने की साजिश नाकाम, धमाके में संदिग्ध की मौत

पटियाला के राजपुरा क्षेत्र में शंभू बॉर्डर के पास देर रात धमाका, ट्रैक क्षतिग्रस्त; पुलिस ने इसे बड़ी साजिश मानते हुए जांच तेज की

Punjab Railway Blast News: पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा इलाके में रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाते समय धमाका हो गया, जिसमें संदिग्ध की मौत हो गई। पुलिस ने इसे बड़ी साजिश मानते हुए जांच शुरू कर दी है। .

पटियाला/पंजाब। पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा इलाके में सोमवार देर रात रेलवे ट्रैक को उड़ाने की कोशिश के दौरान बड़ा धमाका हो गया। इस हादसे में एक संदिग्ध व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना हरियाणा-पंजाब की शंभू सीमा के पास बोथोनिया गांव के नजदीक हुई, जहां रेलवे लाइन को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार रात करीब 10 बजे धमाके की सूचना मिलने पर सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जांच में पता चला कि यह सामान्य लो-इंटेंसिटी ब्लास्ट नहीं बल्कि रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के लिए किया गया डेटोनेशन प्रयास था।

घटनास्थल से एक क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान तरनतारन जिले के गांव पंजवार निवासी जगदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का मानना है कि मृतक विस्फोटक फिट कर रहा था, तभी धमाका हो गया और उसकी मौत हो गई।

धमाके से रेलवे ट्रैक को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मौके से दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और तार बरामद किए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि इस साजिश में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।

पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पूरे पंजाब में रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। रेलवे ट्रैक, स्टेशन और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस इस घटना को बड़ी साजिश मानकर जांच कर रही है और मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड के साथ उसके संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button