
दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली से नदारद रहने वाले यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों पर पार्टी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। कांग्रेस के इस फैसले पर बीजेपी ने सवाल उठाए तो सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “BJP कौन होती है सवाल उठाने वाली? हमारी पार्टी के मामलों से उनका क्या लेना-देना?”
दरअसल, 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन की रैली आयोजित की गई थी। इसमें शामिल नहीं होने पर यूथ कांग्रेस के 200 से ज्यादा सदस्यों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

मध्य प्रदेश में 60 पदाधिकारी निलंबित
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस ने रैली में शामिल नहीं होने के आरोप में संगठन के 60 पदाधिकारियों को निलंबित किया है। इनमें 9 जिला अध्यक्ष, 5 उपाध्यक्ष, 14 महासचिव और 32 सचिव शामिल हैं। संगठन ने 3 नवंबर को निलंबन का आदेश जारी किया था। इसमें कार्रवाई की वजह संगठनात्मक अनुशासनहीनता बताई गई है।
कांग्रेस की इस कार्रवाई पर बीजेपी ने सवाल उठाए, जिसके जवाब में इमरान मसूद ने साफ कहा कि उनकी पार्टी के आंतरिक मामलों से बीजेपी का कोई लेना-देना नहीं है।








