
नई दिल्ली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA ब्लॉक की महारैली में बीजेपी और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें सवा करोड़ हिंदू मतदाताओं के वोट कटने की बात कही गई थी।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब 1 करोड़ 27 लाख वोट कटने का मामला सामने आया है, तो बीजेपी अपनी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर सवा करोड़ वोटों के आंकड़े को उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में बांटा जाए, तो हर सीट पर औसतन करीब 31 हजार वोट कम होते हैं। अखिलेश के मुताबिक, बीजेपी को जब अपनी हार दिखाई देने लगी, तभी वह वोट कटने का मुद्दा उठा रही है।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी चाहती है कि केवल उसकी विचारधारा से जुड़े लोग ही मतदाता बनें और नागरिकों के अधिकार भी पार्टी के हिसाब से तय हों। उन्होंने उत्तर प्रदेश के उपचुनावों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान मतदाताओं को डराया गया था।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग अगर किसी का अच्छा स्वागत करना जानते हैं, तो उसकी विदाई भी उसी अंदाज में करते हैं। लोकसभा चुनाव में बीजेपी की थोड़ी विदाई हो चुकी है और आगे भी ऐसा ही देखने को मिलेगा।
‘रामलीला मैदान से जाएगा बदलाव का संदेश’
रामलीला मैदान को लोकतंत्र की हल्दीघाटी बताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यहां से पूरे देश में बदलाव का संदेश जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बदलाव की शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी और रामलीला मैदान में जुटी भीड़ ने इसके संकेत दे दिए हैं।
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए भी अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन्होंने चोरी की है, उनका सर्वनाश होगा।
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि जो लोग भारत को दुनिया में सबसे आगे और विश्वगुरु बताते हैं, वही देश में मतदाता सूची में कथित हेरफेर के आरोपों से घिरे हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता बदलाव चाहती है और इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी।








