बर्फ की सफेद चादर से ढका केदारनाथ धाम, कड़ाके की ठंड के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में बर्फबारी के बाद चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बर्फ से ढकी पहाड़ियों और मंदिर के आसपास का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को भी धाम में बर्फबारी जारी रही। खराब मौसम और बढ़ती ठंड के बावजूद बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है।

लगातार गिरते तापमान को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े पहनने, अपनी सेहत का ध्यान रखने और मौसम के अनुसार यात्रा करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।

निचले इलाकों में भी बदला मौसम

शुक्रवार सुबह से ही जिले के निचले इलाकों में मौसम खराब बना रहा। जिला मुख्यालय के साथ गुप्तकाशी, फाटा, जखोली और ऊखीमठ में आसमान बादलों से ढका रहा। कुछ इलाकों में सुबह हल्की बारिश भी हुई। मौसम में आए बदलाव और ठंड बढ़ने के कारण लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।

अब तक 18.60 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। 29 अक्टूबर को 7,328 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इसके साथ ही धाम में दर्शन करने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 18,60,360 हो गई है।

बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच स्थित बाबा केदार का धाम श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

Back to top button