यूपी में ‘लू’ की दस्तक, 45°C तक पहुंचा तापमान, झुलसा रही भीषण गर्मी

बांदा सबसे गर्म जिला, अगले 7 दिनों तक राहत नहीं; मौसम विभाग ने तापमान और बढ़ने के दिए संकेत

यूपी हीटवेव न्यूज: उत्तर प्रदेश में लू का असर तेज,बांदा में पारा 45°C पहुंचा।अगले 7 दिनों तक भीषण गर्मी का अलर्ट।

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अचानक रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि बांदा में अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं। मौसम में आए इस अचानक बदलाव ने अप्रैल में ही जून जैसी गर्मी का एहसास करा दिया है। पिछले एक हफ्ते में तापमान में 5 से 14 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं है, जिससे मौसम में राहत मिल सके। अगले 7 दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। प्रयागराज में 43°C, वाराणसी में 42.8°C और आगरा में 41°C तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा गाजीपुर, हमीरपुर, बलिया और सोनभद्र जैसे जिलों में भी पारा 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में लू का प्रकोप और बढ़ सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन ने भी लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button