यूपी कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: विधानसभा चुनाव से पहले 6 नए राष्ट्रीय सचिव नियुक्त

यूपी कांग्रेस राष्ट्रीय सचिवों की नई सूची जारी। विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के लिए छह नए राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए हैं। जानिए किन नेताओं को मिली जिम्मेदारी और किनकी हुई विदाई।

लखनऊ। यूपी कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव को लेकर कांग्रेस हाईकमान ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में लंबे समय से कार्यरत सभी राष्ट्रीय सचिवों को हटाकर उनकी जगह छह नए राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए हैं। माना जा रहा है कि यह बदलाव आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद नई सूची जारी की।

इन नेताओं को बनाया गया नया राष्ट्रीय सचिव

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के लिए जिन छह नेताओं को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है, उनमें—

अभिषेक दत्त

कुणाल चौधरी

जगदीश चंदर जांगिड़

संजीव आर्या

वरुण चौधरी

अब्दुल हन्नान शामिल हैं। इन नेताओं पर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और विधानसभा चुनाव की रणनीति को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी होगी।

इन नेताओं की हुई विदाई

पार्टी ने जिन पुराने राष्ट्रीय सचिवों को हटाया है, उनमें—धीरज गुर्जर,नीलांशु चतुर्वेदी,प्रदीप नरवाल,राजेश तिवारी,सत्यनारायण पटेल,तौकीर आलम के नाम शामिल हैं।

चुनावी रणनीति पर फोकस

हाल ही में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश प्रभारी के पद पर भी बदलाव किया था। अविनाश पांडेय की जगह राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया। प्रभारी बनने के बाद उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में तेजी लाने का संकेत दिया था।

अब नए राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति के बाद माना जा रहा है कि कांग्रेस जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी और अन्य संगठनात्मक इकाइयों में भी बड़े बदलाव कर सकती है।

क्या है राजनीतिक संदेश?

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार कांग्रेस संगठन में यह बदलाव आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र नई ऊर्जा और नई रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी का संकेत है। पार्टी नेतृत्व संगठन को सक्रिय कर कार्यकर्ताओं के बीच नई गति लाने की कोशिश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button