ईरान पर अमेरिका का फिर हमला! केशम द्वीप पर धमाकों से मिडिल ईस्ट में मचा हड़कंप

मिडिल ईस्ट में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। ईरान और अमेरिका के बीच टकराव के नए संकेत मिलने से क्षेत्र में बड़े संघर्ष की आशंका गहराने लगी है। मंगलवार सुबह ईरान के केशम द्वीप पर कई धमाकों की खबर सामने आई। यह द्वीप रणनीतिक रूप से बेहद अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में स्थित है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट में ईरान के कुछ ठिकानों पर रक्षात्मक हमले किए हैं। हालांकि, हमले से हुए नुकसान और इसके पूरे घटनाक्रम को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के लिए मतदान हो रहा है।

ईरान की सरकारी मीडिया ने धमाकों की पुष्टि की

ईरान की सरकारी मीडिया ने केशम द्वीप पर कई विस्फोट होने की पुष्टि की है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही संकेत दे चुके थे कि ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई का विकल्प खुला हुआ है।

एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के अनुसार, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट में कुछ ईरानी ठिकानों को निशाना बनाते हुए रक्षात्मक कार्रवाई की है।

अमेरिका ने सहयोगी देशों को सतर्क रहने को कहा

इससे पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि अमेरिकी अधिकारी पश्चिम एशिया के कई देशों और क्षेत्रीय सहयोगियों को संभावित सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार रहने की सलाह दे रहे थे। इसमें ईरान पर नए हमलों के साथ-साथ उसकी ओर से होने वाली संभावित जवाबी कार्रवाई को लेकर भी सतर्क रहने को कहा गया था।

दरअसल, आशंका जताई जा रही थी कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान दोबारा तेज हो सकता है।

नेतन्याहू पर ट्रंप पर दबाव बनाने का आरोप

AP की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करने का दबाव बना रहे थे। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नेतन्याहू चाहते थे कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान पर नए हवाई हमले किए जाएं।

हालांकि, पश्चिम एशिया के कई अमेरिकी सहयोगी देश इस तरह की कार्रवाई के पक्ष में नहीं हैं। उन्हें डर है कि ईरान पर दोबारा हमला होने से पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ सकती है और संघर्ष का दायरा दूसरे देशों तक फैल सकता है।

Back to top button