“CM Yogi Adityanath ने युवाओं और बच्चों से अपील की है कि लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स के चक्कर में खतरनाक स्टंट न करें। अभिभावकों से बच्चों को रचनात्मक कार्यों में लगाने की सलाह दी।“
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स की होड़ में खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने प्रदेश के बच्चों और युवाओं के नाम एक भावुक पाती लिखकर अपील की है कि वे इंटरनेट की लोकप्रियता के लिए अपनी जिंदगी जोखिम में न डालें।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच X पर साझा संदेश में कहा कि आज कई युवा लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स के मोहजाल में फंसकर घरों के अंदर और सड़कों पर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। तेज रफ्तार बाइक और कारों पर करतब दिखाना, रेलवे ट्रैक पर वीडियो बनाना, ट्रेन के दरवाजों से लटकना और ऊंची इमारतों, पुलों, पहाड़ों, नदियों व एक्सप्रेसवे पर सेल्फी लेना बेहद खतरनाक है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कदम केवल युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि उनके परिवार और चाहने वालों के सपनों के लिए भी घातक साबित हो सकते हैं। आए दिन सामने आने वाले हादसे इसकी गवाही देते हैं।
‘रील’ और असली जिंदगी में फर्क समझें
सीएम योगी ने युवाओं से कहा कि वे “रील” और “वास्तविक जीवन” के बीच का अंतर समझें। कुछ सेकंड की लोकप्रियता के लिए जीवन दांव पर लगाना समझदारी नहीं है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक कार्यों, शिक्षा, कौशल और समाज निर्माण की दिशा में ऊर्जा लगाने का आग्रह किया।
अभिभावकों से भी की खास अपील
मुख्यमंत्री ने माता-पिता और अभिभावकों से भी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग ज्ञान प्राप्ति और सकारात्मक अभिव्यक्ति के लिए होना चाहिए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि बच्चे अपना समय सही दिशा में लगाएं।
उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को खेल, पढ़ाई, कला, विज्ञान, नवाचार और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करें, ताकि वे डिजिटल दुनिया के नकारात्मक प्रभाव से दूर रह सकें।
बढ़ते हादसों के बीच आया संदेश
हाल के वर्षों में सोशल मीडिया रील्स और वायरल वीडियो के लिए खतरनाक स्टंट करते समय दुर्घटनाओं के कई मामले सामने आए हैं। इसी पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री का यह संदेश युवाओं के लिए चेतावनी और मार्गदर्शन दोनों माना जा रहा है।
युवाओं के नाम संदेश
मुख्यमंत्री का साफ संदेश है—लोकप्रियता बाद में, जिंदगी पहले।





