CMS कैम्ब्रिज सेक्शन ने लहराया जीत का परचम


राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  लखनऊ : सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस के कैम्ब्रिज सेक्शन द्वारा आयोजित दो दिवसीय अन्तर-विद्यालयी बास्केटबॉल चैम्पियनशिप का रोमांच आज फाइनल मुकाबलों के साथ खत्म हुआ। प्रतियोगिता में मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उ.प्र. पुलिस के हेड बास्केटबॉल कोच श्री श्यामवीर सिंह ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और छात्रों की खेल भावना की सराहना की। इस अवसर पर सी.एम.एस. की वरिष्ठ प्रधानाचार्या सुश्री मंजीत बत्रा ने सभी टीमों को धन्यवाद देते हुए खेलों को जीवन का अहम हिस्सा बताया, जबकि कैम्ब्रिज सेक्शन की कोऑर्डिनेटर सुश्री मसीरा आरिफ ने प्रतिभागी छात्रों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

फाइनल मुकाबलों के नतीजे कुछ इस प्रकार रहे:

  • अंडर-18 (बालक वर्ग):
    सी.एम.एस. गोमती नगर प्रथम कैम्पस ने ए.आर. जयपुरिया, गोल्फ सिटी को हराया।
  • अंडर-18 (बालिका वर्ग):
    ए.आर. जयपुरिया, गोल्फ सिटी ने सी.एम.एस. अलीगंज प्रथम कैम्पस को हराया।
  • अंडर-16 (बालक वर्ग):
    सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस ने कैम्ब्रिज सेक्शन, गोमती नगर एक्सटेंशन को हराया।
  • अंडर-16 (बालिका वर्ग):
    कैम्ब्रिज सेक्शन, गोमती नगर एक्सटेंशन ने सी.एम.एस. गोमती नगर प्रथम कैम्पस को हराया।

इस चैम्पियनशिप में अंडर-16 और अंडर-18 वर्गों के अंतर्गत लखनऊ के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों की कुल 38 टीमों ने हिस्सा लिया और अपने हुनर से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। टूर्नामेंट का आयोजन न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच बना, बल्कि खेल भावना और सहयोग की मिसाल भी पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button