
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली शहर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण एवं नगदी बरामद की है। बताते चले कि 06 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली शहर पुलिस टीम ने अभियुक्त राममूर्ति, रोहित कुमार, अनुज कुमार निवासी चित्तरपुरवा थाना कोतवाली शहर हरदोई तथा सुमित दीक्षित निवासी बेहट गौर थाना रामकोट, जनपद सीतापुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से चोरी के आभूषण एवं ₹15,700 नकद बरामद किए गए पूछताछ में कई चोरी की घटनाओं का खुलासा गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ। अभियुक्तों ने महोलिया शिवपार, चरौली पुलिया, लाला चम्पारण क्षेत्र, पोहकरपुरवा तथा मन्नापुरवा व कृष्ण नगरिया क्षेत्रों में अलग-अलग तिथियों पर घरों में घुसकर आभूषण व नकदी चोरी करना स्वीकार किया। इन घटनाओं के संबंध में थाना कोतवाली शहर एवं कोतवाली देहात में विभिन्न धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण जैसे अंगूठी, पेंडल, नथ, टाप्स, हार, चेन, झुमके, मांगटीका, हाथफूल, कमरबंद, पायल, बिछिया, बच्चों के कंगन व अन्य सामान के साथ नकदी बरामद की है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक रोहित कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक वासु कुमार, हेड कांस्टेबल हरिशंकर, कांस्टेबल चन्द्रेश व महेन्द्र मौर्य की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








