युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की मौत से सनसनी, परिवार ने कारोबारी और पूर्व मुख्य सचिव समेत पांच लोगों पर लगाए गंभीर आरोप

Rahul Singh Death Case: लखनऊ के नोवोटेल होटल में मृत मिले 22 वर्षीय युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। परिवार ने कारोबारी और पूर्व मुख्य सचिव समेत 5 लोगों पर मानसिक प्रताड़ना व आर्थिक दबाव के आरोप लगाए हैं।

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड स्थित नोवोटेल होटल में मृत मिले युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की मौत का मामला अब गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में है। 22 वर्षीय राहुल सिंह की मौत के 24 घंटे बाद भी कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।

महराजगंज के सिसवा क्षेत्र के बीजापार असमन छपरा गांव निवासी राहुल सिंह का शव मंगलवार सुबह होटल के कमरे से बरामद हुआ था। बुधवार को पोस्टमार्टम के दौरान पहुंचे परिवार ने कारोबारी समेत पांच लोगों पर मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

परिवार ने कारोबारी और पूर्व मुख्य सचिव पर लगाए आरोप

राहुल सिंह के बड़े भाई रोहित सिंह ने विभूतिखंड थाने में तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की है। परिवार का आरोप है कि नोएडा निवासी कारोबारी चंद्रभूषण मिश्रा, उनके बेटे-बेटी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव समेत पांच लोगों ने राहुल पर आर्थिक और मानसिक दबाव बनाया।

परिवार के अनुसार, राहुल को एक ड्रोन इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट के लिए कारोबारी की ओर से 62 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन बाद में प्रोजेक्ट वापस ले लिया गया और रकम लौटाने का दबाव बनाया जाने लगा।

प्रोजेक्ट विवाद के बाद परेशान था राहुल

परिजनों का आरोप है कि कारोबारी ने पहले राहुल के साथ करीब 85 लाख रुपये में प्रोजेक्ट का समझौता किया था और 62 लाख रुपये दिए थे। बाद में प्रोजेक्ट रद्द कर दिया गया।

इसके बाद राहुल पर रुपये वापस करने का दबाव बनाया गया। परिवार का कहना है कि इसी विवाद को लेकर राहुल काफी परेशान चल रहा था। आरोप है कि बस्ती में राहुल के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी से जुड़ा मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

होटल के कमरे में मिला था शव

पुलिस के अनुसार, राहुल सिंह सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे नोवोटेल होटल पहुंचे थे। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो राहुल का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। कमरे में उल्टी भी मिली थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

पुलिस के मुताबिक, राहुल के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। चिकित्सकों के पैनल की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस खंगाल रही मोबाइल और कॉल डिटेल

विभूतिखंड पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की जांच कर रही है।

जांच में सामने आया है कि राहुल पिछले एक महीने में कई बार लखनऊ आए थे। हालांकि, 13 जुलाई की सुबह उन्होंने आखिरी बार परिवार से सामान्य बातचीत की थी।

सीसीटीवी में अकेले जाते दिखे राहुल

पुलिस जांच में सामने आया कि सोमवार को राहुल होटल के कमरे में गए थे। शाम को वह सिर्फ एक बार नीचे आकर कॉफी पीने गए और फिर कमरे में लौट गए।

इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकले। पुलिस के मुताबिक, होटल में उनसे मिलने भी कोई व्यक्ति नहीं आया था।

परिवार ने PM और CM से लगाई जांच की गुहार

राहुल के भाई रोहित सिंह ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोपों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर नियमानुसार जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button