राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशाम्बी की होनहार खिलाड़ी कोमल मौर्या ने छठी उत्तर प्रदेश स्टेट ओपेन वॉक रेस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 08 फरवरी 2026 तक पीलीभीत में आयोजित की गयी थी। कोमल मौर्या पुत्री स्वर्गीय दुखीलाल मौर्या, निवासी भड़ेसर, मंझनपुर ने इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्णिम सफलता अर्जित की जिसके बाद अब उसका चयन नेशनल वॉक रेस चैंपियनशिप के लिए हुआ है जो 21 एवं 22 फरवरी को चंडीगढ़ में आयोजित की जायेगी।
कोमल मौर्या खेलो इंडिया एथलेटिक्स सेंटर, कौशाम्बी की प्रशिक्षित खिलाड़ी हैं। उनकी इस सफलता पर कोच संदीप कुमार, खेलो इंडिया एथलेटिक्स सेंटर के अजय प्रताप साहू (उप क्रीड़ाधिकारी) एवं समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
कोमल की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जनपद में हर्ष और गर्व का माहौल है।




















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































